शक्तिनगर (सोनभद्र)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (MGKVP) एनटीपीसी परिसर, शक्तिनगर में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रथम के तत्वावधान में 'संविधान दिवस' का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं तथा प्राध्यापकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, स्वतंत्रता, बंधुत्व व समानता का संकल्प दोहराया।
बाबा साहब के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता: डॉ. विनोद पाण्डेय
समारोह की अध्यक्षता करते हुए समाजशास्त्र के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के अतुलनीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि "जब तक सूरज-चांद रहेगा, भारत का संविधान और बाबा साहब का नाम रहेगा।"
सामाजिक समरसता और लोकतंत्र की मजबूती पर जोर
मुख्य वक्ता के रूप में राजनीतिशास्त्र के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रजनीकांत ने कहा कि सामाजिक समरसता की भावना का विकास ही हमारे संविधान का मूल लक्ष्य है, जिससे भारतीय समाज की एकता और अखंडता संरक्षित रहती है। वहीं, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रभाकर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा संविधान देश के लोकतांत्रिक विकास में अपनी अहम भूमिका का निर्वाह कर रहा है और भविष्य में भी लोकतांत्रिक संकल्पना को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
गांधी और अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के स्वयंसेवकों ने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन व विचारों को छात्रों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटेलाल प्रसाद ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आनंद प्रिया सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस आयोजन को सफल बनाने में खुशबू, ममता, प्रभा, नीरज, समीर, अंजना पूर्ति, पूनम, रोशनी और धन्नू सहित अन्य स्वयंसेवकों का विशेष
योगदान रहा।
Continue With Google
Comments (0)