शक्तिनगर (सोनभद्र)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (MGKVP) एनटीपीसी परिसर, शक्तिनगर में कंप्यूटर विषय के प्राध्यापक श्री उदय नारायण पांडेय द्वारा लिखित पुस्तक "Introduction to Artificial Intelligence" का विमोचन समारोह आयोजित किया गया।
इस आयोजन की मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय शक्तिनगर की प्राचार्या श्रीमती प्रीति शर्मा रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसर के कार्यवाहक प्रभारी डॉ. मानिक चंद्र पांडेय ने की। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा गणेश पूजन एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
सृजन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी पुस्तक: डॉ. मानिक चंद्र पांडेय
अतिथियों का स्वागत करते हुए अध्यक्ष डॉ. मानिक चंद्र पांडेय ने कहा कि आज का यह दिन इस परिसर के लिए अविस्मरणीय रहेगा। सृजन के क्षेत्र में श्री उदय नारायण पांडेय द्वारा विरचित कृत्रिम बौद्धिकता (AI) की यह परिचयात्मक पुस्तक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने पुस्तक लेखन के इस उद्यम के लिए लेखक के प्रयासों की सराहना की।
मानव के चिंतन की क्षमता प्रभावित कर रहा एआई: श्रीमती प्रीति शर्मा
मुख्य अतिथि एवं कंप्यूटर साइंस की विद्वान श्रीमती प्रीति शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में एआई की उपयोगिता विश्व विदित है और इसने पूरे विश्व को प्रभावित किया है। हालांकि, उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि एआई के गर्भ से सृजन के साथ-साथ विध्वंस की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। इसके अत्यधिक प्रभाव के कारण मानव की स्वयं की सृजन एवं चिंतन क्षमता कहीं न कहीं अवरुद्ध हो रही है।
मशीन लर्निंग और डीप लर्निंग पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. मृत्युंजय पांडेय ने मशीन लर्निंग एवं डीप लर्निंग जैसे आधुनिक तकनीकी विषयों पर अपने विचार विस्तारपूर्वक रखे। अन्य वक्ताओं में मुख्य रूप से डॉ. प्रशांत कुमार विश्वकर्मा तथा डॉ. मनिंदर कुमार डिसूजा ने भी एआई के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. विनोद कुमार पांडेय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दिनेश कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. अविनाश कुमार दुबे, डॉ. रणवीर प्रताप सिंह, डॉ. रागिनी श्रीवास्तव, श्रीमती अजय लक्ष्मी, डॉ. रजनीकांत, डॉ. मनोज कुमार गौतम, डॉ. प्रभाकर लाल, डॉ. छोटेलाल प्रसाद, श्री अभिषेक कुमार, डॉ. आनंद प्रिया, डॉ. महेश श्रीवास्तव, श्री रविकांत कुशवाहा, श्री अम्बरीष सहित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर के अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथसपन्न हुआ
Continue With Google
Comments (0)