सोनभद्र। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को 'मेरा युवा भारत, सोनभद्र' द्वारा 'विकसित भारत युवा संवाद' (संविधान दिवस विशेष संस्करण) का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में यूथ आइकन अनमोल सोनी, प्रधानाचार्य डॉ. वंदना सिंह, प्रवक्ता रेखा कुमारी, यूपी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कृष्ण कुमार भारती एवं शिवम पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संविधान नागरिकों की गरिमा और राष्ट्रीय एकता का आधार: अनमोल सोनी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं यूथ आइकन अनमोल सोनी ने पीपीटी (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान सभा की भूमिका और प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता व बंधुता के आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक समरसता और नागरिकों की गरिमा का आधार है। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से अनुच्छेद 51A के अंतर्गत वर्णित मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया।
नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आगाह करते हुए अनमोल सोनी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को बर्बाद करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन एवं 'नशामुक्त भारत' के निर्माण में लगाने की अपील की।
प्रस्तावना वाचन के साथ ली गई नशामुक्ति की शपथ
समापन सत्र में प्रधानाचार्य डॉ. वंदना सिंह ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात शिवम पांडेय ने उपस्थित युवाओं और अतिथियों को भारतीय संविधान की मूल प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मेरा युवा भारत, सोनभद्र के वॉलंटियर्स खुशबू, रुद्र एवं कार्यालय सहायक राकेश की सक्रिय भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)